बुधवार, 17 अप्रैल 2019

टूटे से फिर ना जुड़े


अनायास ही,
हाथ से छूट गई !
छन्न से टूट गई,
मेरी प्रिय चूड़ी !
हा कर ताकती रह गई ..
कुछ ना कर सकी !

क्या फिर से जुड़ सकेगी 
चूड़ी जो टूट गई ?
क्या दिल भी 
टूटते हैं यूँ ही ?
क्या स्वप्न भी   
चूर-चूर होते हैं ऐसे ही ?
टूट कर जुड़ते भी हैं कभी ?

पता नहीं.
बाबा रहीम तो कहते हैं यही ..
टूटे से फिर ना जुड़े 
जुड़े गाँठ पड़ जाए .. 

फिर भी 
कोशिश तो करते ही होंगे सभी
टूटे को जोड़ने की.

कोशिश फिर ये 
क्यूँ ना करें ?
स्वप्न हो या दिल कभी 
टूटे ही नहीं !

संभाल कर रखें सभी 
सहेज कर रखें सदा ही 
स्वप्न हो, दिल हो या चूड़ी.
   

मंगलवार, 9 अप्रैल 2019

अपना कोना



"जीवन से लम्बे हैं बंधु , इस जीवन के रस्ते  .. " सुरम्या ने अपना चहेता गीत इतने दिनों बाद सुना तो वॉल्यूम बढ़ा दिया। मन्ना दा का गाया यह गीत जब से सुना था, तब से ही ना जाने क्यों बहुत अपना लगता था। अपना शहद-नीबू पानी का गिलास लेकर सुरम्या खिड़की के पास बैठ गई। खिड़की के पास लगे काले पत्थर पर बैठना उसे बेहद सुकून देता था।  खिड़की में लगे तीन-चार पौधे और विविधभारती पर बजते गीत उसके हमेशा के साथी थे।  हमेशा के हमजोली। बाकी सब आते-जाते रहे जीवन भर।  आज भी यह गीत प्ले हुआ तो ऐसा लगा मानो कोई सुन रहा है।  कोई समझ रहा है, जो उस पर बीत रही है। वास्तव में  .. जीवन से लम्बे हैं बंधु, इस जीवन के रस्ते  ..  

सब अपने-अपने रास्ते चले गए थे। पति अभिराम अपने काम में व्यस्त सीढियां चढ़ते जा रहे थे। अपनी कामयाबी से बेहद खुश। घर-परिवार सुरम्या के सुपुर्द कर निश्चिन्त। और सुरम्या से ही मीलों दूर।  बहुत दूर। 

बच्चे बड़े हो गए।  नया-नया उड़ना सीखा था।  पंख फैलाये आकाश की ऊंचाइयां नापने में लगे थे।  हाँ, तो क्या हुआ ? सुरम्या तुम यही तो चाहती थीं। कामयाब और खुश परिवार।  हाँ।  बात तो सही है।  पर यह नहीं सोचा था कि कामयाबी और ख़ुशी के साथ उदासी भी चुपके से आकर  घर में बस जाएगी . . बल्कि उसी के मन में घर कर जाएगी। 

दिन भर घर ख़ाली रहने लगा जब   .. सुरम्या ने धीरे-धीरे इतने बरसों से मन में लगी गिरहों को खोलना शुरू किया।  सबके चले जाने के बाद पूरा घर उसका स्टेज बन जाता। सुरम्या को हमेशा से अच्छा लगता था  .. बेकार चीज़ों को जोड़-तोड़ कर उन्हें काम की सुन्दर चीज़ें बनाना।  अब फिर से उसने घर के कोने-कोने को तराशना शुरू किया। पर दौड़ते-भागते परिवार की नज़र में कुछ भी ना आया।  जब कभी सब मिल कर बैठते और अपने-अपने काम के बारे में बढ़-चढ़ कर बताते, वह भी धीरे से अपनी बनाई चीज़ों के बारे में बताना शुरू करती।  पर सब जैसे एक औपचारिक मुस्कुराहट के साथ आगे बढ़ जाते। उसका सारा उत्साह ठंडा पड़ जाता। इन बैठकों में वह असहज हो उठती।  फिर उसने कोशिश करना छोड़ दिया। 

एक दिन उसे ख़याल आया कि उसकी बनाई चीज़ें उपयोगी और सुन्दर तो हैं पर उनसे वह बात नहीं कर सकती।  उस तरह नहीं जुड़ सकती जैसे किसी सजीव  .. क्यों ना खिडकियों को पौधों से सजा दे ! और चिड़िया के लिए घर भी बना दे !

फिर क्या था ! सुरम्या व्यस्त हो गई पौधों की बच्चों की तरह देखभाल करने में।  गौरैया के लिए सुन्दर-सा घर भी बनाया।  फूल खिलने लगे। गौरैया आकर बस गई।  आख़िरकार, उसने एक अपना कोना बना ही लिया था, घर की बेख़बर दुनिया में।  इस कोने में बैठ कर काम करने में मज़ा भी आने लगा। 

एक दिन उसके यहाँ काम करने वाली गुलाब ने उससे कहा,"भाभी, आप कितनी सुन्दर चीज़ें बनाती हो, इसको बाज़ार में बेचती क्यों नहीं ?"

सुरम्या बोली,"अरे ! तू भी क्या बेकार की बातें करती है ! ये कौन खरीदेगा ?"

गुलाब ने कहा,"भाभी, सब तरह के खरीददार होते हैं।  लोगों को अलग चीज़ चाहिए होती है।  जैसी किसी के पास ना हो। तुम कर के तो देखो ! मेरे घर के पास एक दीदी ऐसा ही सामान बनाती है। पर तुम्हारे जितना सुन्दर नहीं। फिर भी उसका दुकान चलता है। "

सुरम्या ने सोचा चलो ये भी कर के देखने में क्या बुराई है।  अपना सामान दिखाया दो-तीन दुकानदारों को। उन्हें अच्छा लगा। एक ने हामी भर दी। कुछ दिन लगे, और सामान बनाने में।  फिर दुकान में सामान पहुंचा दिया, गुलाब की मदद से। 

फिर इंतज़ार के दिन।  उसके राज़दार थे - गुलाब, पौधे और गौरैया। लगभग तीन महीने बाद कुछ सामान बिका। सुरम्या को ज़रा चैन आया।  पर गुलाब की ख़ुशी का ठिकाना नहीं था ! 

अभी कुछ देर पहले गुलाब अपनी कॉलेज में पढने वाली  बेटी जूही को लेकर आई थी।  उसने बताया कि वह अपनी सहेली के लिए गिफ्ट लेने गई थी।  घर आई तो गुलाब ने खुश होकर बताया कि ये तो भाभी की बनाई चीज़ है ! पर जब उसने दाम बोले तो गुलाब का माथा ठनका और वो सीधे सुरम्या  के पास बेटी को लेकर आ गई।  समझ में आ गया कि दुकानदार सुरम्या को कम पैसे दे रहा था।  पर ज़्यादा दाम पर बेच रहा था।  वह झूठ बोल रहा था।  

सुरम्या का मन फिर खिन्न हो उठा।  उसे लग रहा था  .. वह हर जगह ठगी गई।  रिश्तों में, जो अपने होकर भी उसकी भावनाओं और प्रतिभा से अपिरिचित थे। और अब ये  .. 

अचानक उसका ध्यान गौरैया के शोर मचाने पर गया। गौरैया बहुत ज़ोर से शोर मचा कर उसे पुकार रही थी। यह सिलसिला कई दिनों से चल रहा था। गौरैया के घर में बड़ी चिड़िया मतलब..मैना आकर घर बसाना चाहती थी।  बार-बार आकर चोंच मार कर उन्हें डराती थी। उनके शोर मचाते ही सुरम्या कहीं से भी दौड़ कर आती और मैना को उड़ाती। इस बार भी सब भूल कर सुरम्या उठी और मैना  को भगाया। थोड़ी देर में गौरैया का जोड़ा हौले-हौले फुदक कर पास आया और घर में चली गया ।  शांति हो गई। 

लेकिन इस छोटी-सी उथल-पुथल ने सुरम्या की सोच का कोई तार झनझना दिया था।  इस छोटी-सी गौरैया के जीवन में कितनी अनिश्चितता थी। दिन में कई बार बड़ी चिड़िया का आक्रमण होता था। खतरे की तलवार हमेशा लटकती रहती थी सर पर।  पर इस नन्हे से जीव में जीने की अदम्य इच्छाशक्ति थी, जो कभी भी उसे हार मान  कर बैठने नहीं देती थी। खतरा टला।  चहचहाना शुरू !

सुरम्या को लगा अगर यह छोटा-सा जीव कभी भी अपने को निरीह नहीं मानता। एक पल खतरों से जूझता है, और दूसरे ही पल फिर वही चहचहाना, तिनके जोड़ना, बच्चों को दाना खिलाना,पंख फैला कर उड़ना .. वही सामान्य जीवन क्रम चलने लगता है तो  ..  

... तो उसके पास तो बहुत साधन हैं, विकल्प हैं और सामर्थ्य है। अब तक कभी हार मान कर आंसू नहीं बहाए तो अब क्यों ? ठगे जाकर भी औरों को ना ठगने का संकल्प ही उसका सबसे बड़ा संबल है। दुनिया बहुत बड़ी है।  इस ठौर नहीं तो किसी और ठौर। 

हिम्मत आते ही सुरम्या को समझ में आ गया कि उसे क्या करना है।  गुलाब और जूही को बुला कर उनसे बात की और तय किया कि जूही के कॉलेज में जब फेयर लगेगा तो जूही अपने स्टाल में सुरम्या का सामान रखेगी और अच्छे दामों में बेचेगी। सबको अपना नंबर भी दे देगी ताकि फिर किसी को कुछ चाहिए हो तो सीधे बात करे। अपने ख़ाली समय में जूही वह सामान पहुंचाती रहेगी। आगे-आगे फिर देखेंगे।  

अब जाकर सुरम्या को सच में चैन आया।  जूही के हाथ में उसकी मेहनत के चार पैसे आयेंगे। और सुरम्या को मिलेगा सबसे बड़ा धन - संतोष धन। कुछ पैसे भी मिलने से परहेज नहीं !

सहसा गौरैया का चहचहाना सुन कर सुरम्या अपने कोने में जाकर बैठ गई और उसका पंख फैला कर बार-बार उड़ना,फुदकना और चहचहाना देख कर मुस्कुराने लगी। 

पंख हैं, तो उड़ने से डरना क्या ? 


बुधवार, 3 अप्रैल 2019

सही क़दम




बारिश रुक गयी थी । पर बादल थे । और ठंडी बयार बह रही थी । चाची ने बेसन की गरम-गरम पकौड़ियाँ बनायीं थीं । सारे के सारे चचेरे भाई-बहन गुट बना कर  बाहर बरामदे में बैठे हुए थे । अनुभा जो इन सब में  बड़ी थी, अभी-अभी अदरक वाली चाय बना कर ले आई थी । चाय ही नहीं, बातों और गप्पों की भी चुस्कियां सब ले रहे थे ।

इतने में प्रभात को सूझा कि क्यों न इतने अच्छे मौसम में गोल चक्कर घूमने जाया जाये ! एकमत से सभी झट तैयार हो गए । चांडाल चौकड़ी निकल पड़ी घूमने । स्कूल में पढ़ने वाले नील, सायली और पायल । कॉलेज में पढ़ने वाले अनिकेत, निखिल और अनुभा ।

गोल चक्कर से घूम कर लौटने लगे तो रास्ते में एक मूंगफली बेचने वाला बच्चा मिला । सबने एक-एक पुड़िया ली । चलते-चलते अनुभा और सायली थोड़ा आगे निकल गए । बाकी चारों एक-दूसरे की खिंचाई करते हुए ज़रा पीछे रह गए थे और अपने में मशगूल थे ।

अनुभा और सायली अपनी बातों में इतनी मगन थीं कि सामने से आते दो लड़कों पर उनका ध्यान नहीं गया । उनमें से एक लड़का अचानक सायली से टकरा गया और उसका दुपट्टा खींचने लगा । अनुभा ने जैसे ही ये हरकत देखी , वह लड़के पर झपट पड़ी और उसका कालर पकड़ कर उस पर चिल्लाने लगी , "क्या ? क्या कर रहा है ? हाँ  ! क्या कर रहा है ?  

बाकी चारों का अब ध्यान गया इस ओर ।  चारों भाग कर आये और अनुभा को उस लड़के से अलग करने की कोशिश करने लगे ।
अनिकेत और निखिल बोले, "अनुभा ! अनुभा ! तू हट ! हम देखते हैं !"
नील बोला, "क्या हुआ दीदी ?" … "क्या हुआ सायली ?"

अनुभा ने किसी की नहीं सुनी । उस लड़के के कालर पर अनुभा की पकड़ और कस गयी । उसका चेहरा गुस्से से तमतमा रहा था । उसने अपने भाइयों को परे धकेल दिया और उस लड़के को धक्का देकर पास ही पड़ी बेंच पर ले गयी । सड़क के किनारे थी ये पत्थर की बेंच ।

अनुभा की प्रतिक्रिया उस लड़के के लिए पूर्णतः अनपेक्षित थी । वह भौंचक्का रह गया था । उसकी सारी मस्ती काफ़ूर हो गयी थी । वही हाल उसके साथ वाले लड़कों का भी था । अनुभा ने धक्का दे कर उस लड़के को बेंच पर बैठा दिया और उस पर अपनी पकड़ ढीली ना करते हुए, बेंच पर उसके पास बैठ गयी ।

अनुभा के चेहरा अभी भी  तमतमा रहा था पर उसने एकदम शांत और गंभीर आवाज़ में उस लड़के से कहा - "क्या नाम है तुम्हारा ?"
लड़के की आवाज़ मुश्किल से फूटी, "सिद्धार्थ । "
अनुभा, "नाम तो बड़ा अच्छा है । काम ऐसे टुच्चेपने के क्यों करता है ?"
सिद्धार्थ कुछ ना बोल पाया ।
अनुभा ने कड़क कर कहा, "मोबाइल दे अपना !"
सिद्धार्थ अब गिड़गिड़ाने लगा - "गलती हो गयी दीदी ! माफ़ कर दो ! सॉरी !"
अनुभा फिर कड़की, "फ़ोन दे अपना चुपचाप !"
सिद्धार्थ सकपका कर जेब से फ़ोन निकालने लगा । फ़ोन निकाल कर उसने अनुभा को दे दिया और फिर गिड़गिड़ाने लगा - "दीदी ! सॉरी ! सॉरी बोला ना दीदी ! पुलिस को फ़ोन मत करना प्लीज़ ! प्लीज़ !"
अनुभा - "अगर पुलिस को फ़ोन करना होता तो मैं अपने फ़ोन से भी कर सकती थी । हाथ हटा  .... ! पर . . तेरे फ़ोन में तेरे घर का नंबर होगा ना ! 
घर  … home  … ये रहा ।"    
सिद्धार्थ ने घबरा कर अनुभा का हाथ पकड़ लिया- "दीदी नहीं ! घर पर फ़ोन नहीं करना ! घर पर नहीं प्लीज़ !" सिद्धार्थ हाथ जोड़ कर कहने लगा - "मुझे मार लो आप लोग ! पर घर फ़ोन नहीं करना प्लीज़ !"
अनुभा - "क्यों ? घर पर फ़ोन क्यों नहीं ? ऐसा क्या किया है तुमने ? किस बात का डर ?"            
सिद्धार्थ - "नहीं ! नहीं ! प्लीज़ दीदी !"       
अनुभा - "तेरे घर पर माँ होगी ! बहन होगी ! क्यों ? उनको बताते हैं ना  . . तू क्या कर रहा था !"
सिद्धार्थ - "नहीं ! नहीं !"
अनुभा - "ठीक है । अगली बार किसी लड़की को परेशान करने का मन करे तो पहले अपनी माँ और बहन को याद कर लेना ! समझा ! "
ऐसा कहने के साथ अनुभा ने एक ज़ोर का तमाचा रसीद किया सिद्धार्थ के गाल पर और उठ खड़ी हुई, सिद्धार्थ का कालर छोड़ कर । सिद्धार्थ ने डरते हुए अनुभा के भाइयों की तरफ देखा । फिर सायली की तरफ देख कर नज़रें झुका लीं और बोला , "सॉरी । "

अनुभा ने सायली का हाथ पकड़ा और घर की तरफ़ चलने लगी । कुछ दूर तक सब चुपचाप चलते रहे । फिर अनिकेत बोला , "बहुत हिम्मत की तूने अनुभा । पर अगर उन लड़कों के पास चाकू, छुरा होता तो ?"

अनुभा ने कहा , "हो सकता था , वो हमें चोट पहुँचाते , पर खतरा मोल लेना ज़रूरी था । आखिर इसी रास्ते से कल हम सबको स्कूल या कॉलेज जाना ही पड़ता । कैसे जाते ? ऐसे ही डर - डर कर ?" ये कह कर अनुभा ने अनिकेत की ओर देखा और चुप हो गयी । 

कुछ देर में अनुभा फिर बोली , "और अपना रास्ता सुरक्षित करने के साथ-साथ कभी-कभी हमें भूले-भटकों को भी रास्ता दिखाना पड़ता है । ज़रूरी है ।"

अनुभा के चेहरे पर मुस्कराहट आ गयी और सभी भाई-बहन भी एक दूसरे की तरफ़ देख कर मुस्कुराने लगे । ये सहीकदम उठाने की आत्मविश्वास भरी मुस्कान थी ।

मंगलवार, 2 अप्रैल 2019

The Sepoy Revolution




Workers cleaning the gutters
Without the safety gears
Died of poisonous gases.
Cried the bold headlines.

We the moral custodians
We the conscientious
We the sympathetic righteous
Shed thought-provoking tears.
Blamed the insensitive parties
And debated the dubious ethics.

While we hurled accusations
And became moral champions.
Three young students set to work
To figure out practical solutions.
They have finally devised an option.
To replace human scavengers
With affordable robotic scavengers.

We just found fault with the system.
They simply solved the problem.

Now it's our turn again to seek justice.
Insist on getting the idea implemented.

If opportunities come disguised as problems..
Then here is a mighty challenge for us to overcome.



Story Courtesy : Social Story
Image Courtesy : The Hindu


बुधवार, 27 मार्च 2019

बूंद


तुम सरल 
जल की बूंद,
ओस की बिंदी,
अश्रु का मोती,
निश्छल पारदर्शी ।

क्षणभंगुर ..
पर अमिट
पावन स्मृति
क्षीर सम ।

सूर्य रश्मि का
परस पाकर
बन जाती
पारसमणि ।

तुम कहीं
जाती नहीं ।
विलय होती ।
बन जाती
अंतर्चेतना।

सहसा
समा जाती,
सहृदय
पुष्प की
पंखुरियों में ।

तुम निरी
इक बूंद !

बूंद में ही
खिलता
सजल सतरंगी
इंद्रधनुष ।





रविवार, 24 मार्च 2019

ताक़त


कड़वे अनुभवों की 
खर-पतवार को
सोच की
उपजाऊ ज़मीन पर
जड़ें मत फैलाने देना ।
इनकी कड़वाहट 
जंगली बेल की तरह
तेज़ी से चारों तरफ़
फैल कर जकड़ लेती हैं ।
अच्छे ख़यालात को
पनपने नहीं देती ।

इसलिए हो सके तो
नियम से इन्हें
उखाड़ फेंको ।
अगर कुछ करना है ।
अगर कुछ पाना है ।
तो बहुत देर तक
कटुता को
टिकने मत देना ।
दफ़ा कर देना ।

दुखी करने वाला
हर वाक़या
कुछ सिखाने आता है ।

सीखना और दुख को
अपनी ताक़त बना लेना ।


बुधवार, 20 मार्च 2019

गौरैया खूब चहको तुम




नन्ही गौरैया आओ तुम ।
अपना घर बसाओ तुम ।

मेरे छोटे-से घर की
छत का कोना, खिड़की,
बालकनी, दुछत्ती, अहाता,
सब बाट जोहते हैं तुम्हारी ।

यहाँ घोंसला बनाओ ।
दिन भर दाना चुगो ।
प्यास लगे तो पानी पियो ।
ये सब यहाँ मिलेगा ।
और प्यार मिलेगा ।
ज़्यादा कुछ नहीं,
देने को
हमारे पास भी ।
तुम्हें भी तो
चाहिए बस इतना ही ।

तुम्हारा रहना आसपास
होता है शुभ ।
तुम चहचहाती हो जब,
चहकने लगता है जीवन ।




गौरैया के घर की चित्रकारी : श्रीमती रेखा शांडिल्य 

रविवार, 17 मार्च 2019

सही की बही




सही में यार !
बहुत मुश्किल है !
सही क्या ?
ग़लत क्या ?
इस सब की विवेचना ।
कोई कितना करे ?
और कब तक करे ?
किंतु परंतु का कोई
अंतिम छोर है क्या ?
निष्कर्ष कैसे निकलेगा ?

रेगिस्तान में जल दिखना
तो छलना है ।
मृगतृष्णा है ।

क्षितिज जब तक
दूर है,
सबको मंज़ूर है ।
नज़र का नूर है ।
मगर पास गए अगर
तो कुछ भी नहीं है ।
भुलावा है ।
मनमोहक है पर
मात्र दृष्टिकोण है ।

अब बताइए ।
क्या किया जाए ?
सही को कहाँ ढूंढा जाए ?

सही तो भई
परिस्थितियों की बही पर
समय के दस्तख़त हैं ।
समय के साथ
लिखा-पढ़ी करने पर
बदल भी सकते हैं ।

फिर एक दिन ऐसे ही
बैठे-बैठे अनायास ही
सब समझ में आ गया ।

असल में काम सही है वही
जिसका मंसूबा नेक हो ।

मंगलवार, 12 मार्च 2019

पार उतराई




कोई दुख
होता है ऐसा
जो कभी भी
कहते नहीं बनता। 

कविता में नहीं,
कथा में नहीं,
बंदिश में नहीं,
रंगों में नहीं,
बस चुपचाप
बहता रहता है
भीतर कहीं,
चौड़े पाट की
नदी की तरह ।

तट कभी भी
मिलते नहीं ।
पर उम्मीद भी
कभी टूटी नहीं ।
अब भी 
लहरों में ढूंढती
नाव केवट की,
जो पार उतारती
प्रभु राम को भी,
लिए बिना ही
पार उतराई ।


शुक्रवार, 8 मार्च 2019

अब हमारी बारी



अभिमन्यु की वीरगति 
कभी भी व्यर्थ नहीं जाती। 
बलिदान की परिणति 
न्याय की स्थापना ही होती। 

यही इस देश की नीति .. 

समस्त विश्व से प्रीति 
पर युद्ध में चाणक्य नीति। 
विजय सदैव मानवता की 
क्यूंकि लक्ष्य केवल शांति ही। 

जवानों ने खूब निभाई ज़िम्मेदारी 

अब आई हर भारत वासी की बारी। 

इसलिए आज का प्रण हो यही 

हम भूलें ना वीरों का बलिदान कभी। 
स्वाभिमान को भारत के ठेस ना लगे कभी 
ध्वज हमारा शान से लहराए यूँ ही।  




गुरुवार, 7 मार्च 2019

मुझे क्या करना है ?




सीमा पर फ़ौजी तो
हमेशा ही तैनात रहा।
क्या हमें भी अपने
कर्तव्य का भान रहा ?

युद्ध
हर जगह चल रहा है। 
युद्ध
हर कोई लड़ रहा है। 

कोई सीमा का प्रहरी है। 
कोई घर में युद्ध बंदी है। 

युद्ध की कोई
सीमा है क्या ?
युद्ध की कोई
गरिमा है क्या ?

भीतर हम सबके 
एक लक्ष्मण रेखा है। 
अपने सिवा इसे
किसी ने नहीं देखा है। 
लेकिन हम सबको पता है.
रावण क्यों बुरा है। 

सीमा पर जब जवान
जान हथेली पर लिए
लड़ रहा है  .. 
जवान का परिवार
अपनी भावनाओं से
जूझ रहा है  .. 
देश के 
हर नागरिक की भूमिका,
कृतज्ञ हो कर, 
धैर्य धर यह सोचना  .. 
मुझे क्या करना है ?

मुझे क्या करना है ?
कैसे सेना के त्याग का
अभिनन्दन करना है ?

हमको अपने-अपने बल पर,
अपने-अपने मोर्चे पर 
रोज़ एक युद्ध लड़ना है। 
रोज़ एक युद्ध जीतना है। 
अंदरूनी ताक़त से 
ज़िम्मेदार भारत 
बने रहना है।  
दृढ़ संकल्प और मेहनत से,
खुशहाल भारत गढ़ना है. 

रविवार, 3 मार्च 2019

शंखनाद




आज बड़े दिनों बाद 
दिलों में जोश आया है। 
अर्जुन ने आज फिर 
गांडीव उठाया है। 

आज हवाओं ने झूम कर 
फ़ख्र का परचम लहराया है। 
आज नभ में शौर्य का 
प्रखर सूर्य जगमगाया है। 

बारह रणवीरों ने आज 

अभय का कर शंखनाद 
आतंक को ललकारा है !
शठता को पछाड़ा है। 

जननी जन्मभूमि का, 
माँ भारती के अश्रुजल का, 
अपनी माँ के दूध का 
क़र्ज़ उतारा है। 

देश सेवा में  जिस-जिसने 

जीवन का बलिदान किया, 
हर उस सेनानी का 
मान बढ़ाया है।

आज बड़े दिनों के बाद 

शहीदों के अपनों को 
थोड़ा चैन आया है। 
एक आंसू ढुलक आया है। 

आज बड़े दिनों बाद 
दिलों में जोश आया है। 
अर्जुन ने आज फिर 
गांडीव उठाया है। 




Featured post on IndiBlogger, the biggest community of Indian Bloggers


बुधवार, 27 फ़रवरी 2019

जोश



जब तक होश है। 
रग-रग में जोश है। 

जिगर में 
जोश के बुलबुले नहीं ,
जोश के जुगनू भी नहीं 
जो पलक झपकने तक ही 
मौजूद रहें। 

ये जो 
कौंधता है 
मेरे वजूद में ,
बिजली की तरह  . . 

ये बरसों की तपस्या है। 
ठोकर खा-खा कर जो संभला है,
आग में तप कर जो निखरा है,
वो फ़ौलादी हौसला है। 

ये वीरता का अखंड दिया है। 
जो अलख जगाने वाला है।    
तिरंगे की सौगंध है। 
माँ से बच्चों का वादा है। 

दुष्टता का शत्रु है। 
मानवता का मित्र है। 

जब तक होश है। 
रग रग में जोश है।       



Featured post on IndiBlogger, the biggest community of Indian Bloggers

सोमवार, 18 फ़रवरी 2019

सावधान




वक़्त पर मत चूकना
इतना तैयार रहना ।

करना निरंतर अभ्यास
दिन-रात लक्ष्य साधना ।

समय पर देती है साथ
केवल अपनी साधना ।

कर्म पर करना विश्वास
सत्कर्म से स्वधर्म साधना ।

वक़्त पर मत चूकना ।
इतना तैयार रहना ।


सोमवार, 11 फ़रवरी 2019

वसंत



आई वसंत ऋतु की बहार

पहन पीली सरसों के फूल


लय में बह रही शीतल बयार

धीरे धीरे बहे नदिया की धार


कोयलिया करे मीठी मनुहार

क्यारी में झूमे फूलों की कतार


उल्लास ही सबसे सुंदर श्रृंगार

मौसम में मानो घुल गया प्यार



रविवार, 10 फ़रवरी 2019

ऐसा वर दो माँ



सरस्वती माँ ।
वरद हस्त शीश पर रख दो माँ ।
सहस्त्र सजल नमन स्वीकार करो माँ ।

वीणा के तार झंकृत किए
जिस वेला आपने ।
वसंत फूला जगत में
और अंतर्मन में ।

ऐसा वर दो माँ
विद्या को वरूँ
किंतु अपने तक ना रखूं
जितना मिले उतना बांटूं ।

ऐसा वर दो माँ
कला की साधना करूं
पर प्रदर्शन की परिधि में
मेरी कला सीमित ना रहे । 
कलात्मक अभिव्यक्ति से
जीवन की अनुभूति करुं ।

ऐसा वर दो माँ
जीवन को सजग जी सकूं ।
विद्या ग्रहण कर सबल बनूं ।
कीचड़ में कमल बन खिलूं ।
अंधकार में दीपक बन बलूं ।
चट्टान की तरह अडिग रहूँ  ।
वट वृक्ष सम गहन धैर्य धरूँ ।
मिट्टी में घुलमिल विनय गहूँ ।

ऐसा वर दो माँ ।
जाग्रत रहे विवेक ।
विसर्जित हों मन के क्लेश ।
विचारों की जड़ता हो दूर ।
हृदय तल हो इतना पावन ।
मन में आन बसो तुम माँ ।


छायाचित्र साभार - आशीष शांडिल्य 


Featured post on IndiBlogger, the biggest community of Indian Bloggers


गुरुवार, 7 फ़रवरी 2019

जीवन का जाप


पथिक, 
चलते रहना 
तुम्हारी नियति है.

पर यदा-कदा 
विश्राम करना.
चना-चबैना 
जो अपनों ने 
साथ बांधा था,
उस पाथेय से भी
न्याय करना. 

छाँव घनी हो 
जिस वृक्ष की 
उसकी छाया में 
कुछ देर बैठना.

अपने पाँव के छाले 
देखना और सहलाना.
शीतल बयार की 
थपकी पाकर 
चैन की नींद 
सो जाना.

गहरी नींद में भी 
जीवन के कई 
प्रश्नों के उत्तर 
और समाधान 
मिल जाते हैं.

कुछ पल का सुकून 
बल देता है अपार,
पथ पर चलते रहने का
करते हुए जीवन का जाप.




Featured post on IndiBlogger, the biggest community of Indian Bloggers


मंगलवार, 5 फ़रवरी 2019

चलो फिर से




चलो 
फिर से शुरु
करते हैं जीना ।

इस बार
शायद आ जाए
ठीक से जीना ।

शत-प्रतिशत
मुनाफ़े का सौदा
नहीं है जीना ।

बहुत जानो
अगर सीख पाओ
थोड़े में बसर करना ।

बहुत समझो
अगर आ जाए
हार कर जीतना ।

बूंद-बूंद
जीवन की सरसता
का आनंद लेना ।

पल-पल
भाग्य रेखाओं में
मेहंदी की तरह रचना ।

चलो
फिर से शुरु
करते हैं जीना ।

शनिवार, 2 फ़रवरी 2019

फुर्र




जाने कहाँ से
एक रंग-बिरंगी 
चिड़िया छोटी-सी
खिड़की पर आ बैठी ।
जान ना पहचान
बिन बुलाई मेहमान !
पर जान पड़ी
अपनी-सी ।
स्वागत को 
हाथ बढ़ाया ही था ..
कि उड़ गई
फुर्र !


जता गई ..
आनंद की अनुभूति
होती है क्षणिक ।
हृदय के तार
झंकृत कर जाती है,
तरंग जो एक मधुर
रागिनी बन जाती है ।
जिसे वही चिड़िया
किसी दिन
किसी और को सुनाती है ।
अनायास ही,
खिड़की पर बैठी
चहचहाती हुई ।
और फिर वही ..
एक दो तीन
और फुर्र !



Featured post on IndiBlogger, the biggest community of Indian Bloggers


मापदंड



उचट जाता है मन अक्सर 
जीवन की दुविधा ढ़ोते-ढ़ोते ।

बार-बार सोचते-सोचते
फ़ैसले जो लिए थे
बहुत सोच-समझ के
क्या वास्तव में सही थे ?

क्योंकि कई बार
सही का मापदंड
होती है सफलता ।

फिर विवेक है कहता,
यही तो है सुंदरता ।

हर बार संभव नहीं जीतना ।
पर आ गया ना अच्छा खेलना ?


शुक्रवार, 1 फ़रवरी 2019

हिंदी की ब्लॉग गली क्यों रहे संकरी ?




हिंदी में बस इतना ही ?

और बस ऐसा ही लेखन उपलब्ध है हिंदी ब्लोग्स पर ?
अंग्रेज़ी ब्लोग्स की तरफ़ देखो ! कितनी विविधता और कितने अच्छे ब्लोग्स हैं !

ऐसी प्रतिक्रिया अक्सर सुनने को मिलेगी . हिंदी ब्लॉग दुनिया के बारे में. इस बात में कुछ तथ्य भी है.
यह तुलना हिंदी और अंग्रेज़ी में लेखन की नहीं पर ब्लॉग संसार में हिंदी ब्लॉग की अवस्था से संबंधित है.
हिंदी में अच्छा लिखने वालों को ब्लॉग संसार में कम पाया जाता है. लोकप्रिय प्लेटफॉर्म्स पर बहुत सीमित प्रतिभा वाले नज़र आते हैं. जहां तक हिंदी लेखन का सवाल है.

ऐसे में ब्लॉग पर अच्छा साहित्य उपलब्ध करने वालों को प्रोत्साहित करना बहुत आवश्यक और सराहनीय कार्य है. इस पोस्ट को पढने वाले ब्लॉगर अच्छी रचनाओं को सामने लाने के लिए iblogger की नियमित गतिविधियों का अनुसरण करें और इनमें शामिल भी हों. हाल ही में हिंदी ब्लॉगर के लिए ब्लॉगर ऑफ़ द इयर २०१९ प्रतियोगिता का आयोजन किया है.

हिंदी ब्लॉगर को प्रोत्साहन देने के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता की प्रविष्टियों को पढना रोचक होगा.

इसी प्लेटफार्म पर www.experienceofindianlife.com की पोस्ट्स बहुत दिलचस्प लगीं.
सुश्री अभिलाषा चौहान का यह ब्लॉग भारतीय जीवन शैली के परिप्रेक्ष्य से मन के भावों को और जीवन के अनुभवों को सहज भाव से विश्लेषण करते हुए कविता, कहानी, लेख के माध्यम से अभिव्यक्त करता है. शीर्ष स्थान का दावेदार है.

 Experience Of Indian Life

पढ़िए. प्रोत्साहन मिलेगा तो हिंदी ब्लॉग जगत समृद्ध होगा. सशक्त रचनाओं से.
प्रतिभागिता सबसे बड़ा प्रोत्साहन होगा. स्वागत है. नमस्ते. 

सोमवार, 21 जनवरी 2019

इस दिन का नेग




सूरज सुबह सुबह
चढ़ कर
जा बैठा है
आकाश की मुंडेर पर ।

रात की ओस से
भीजे बादल
डाल दिए हैं
अलगनी पर
एक तरफ़
सूखने के लिए ।

पंछी निकले हैं
प्रभात फेरी के लिए ।

किरणों की वंदनवार
झिलमिला रही है,
धरती के इस छोर से
उस छोर तक ।

हर रोज़ की तरह
ज़िंदगी ने
खोल दी है
अपनी दुकान ।

मेहनत करो
और जीतो
सुकून का ईनाम ।

एक नया दिन
सीना ताने
तैयार है,
ड्यूटी पर
जाने के लिए ।

और तुम्हें साथ
ले जाने के लिए ।

क्योंकि सूरज
बुला रहा है तुम्हें
कब से ।

चलो चलें ।
इस दिन का नेग
जुटाने के लिए ।


            """"""""""""""""""""""""""""""""""""""""""""""""""""""""

पहली बार ऐसा हुआ। 
एक युवा पाठक ने 
इतने मन से 
पढ़ी यह बात। 
ऊपर जुड़ी water colour पेंटिंग बना डाली। 
देखिए क्या खूब मिला !
सबसे निराला !
इस दिन का नेग !!
Anmol Mathur नन्हे पाठक का 
तहे-दिल से शुक्रिया !