गुरुवार, 1 मार्च 2018

आज ही होली है !





होली 
बहुत कुछ दे जाती है ।

दुःख देती हैं 
जो मान्यताएं ,
उन्हें 
होम कर देने का 
साहस ।

मनमोहक रुपहले रंग 
जीवन में, 
निरंतर घोलने की 
चाहत ।

झूठी अपेक्षाएं ,
थके-हारे मन के 
क्लेश,
निरर्थक दंश,
सब ध्वस्त करने का 
मनोबल ।

होलिका दहन में 
भस्म करते हुए 
टूटा . . पुराना . . बेकार का बोझा,
समस्त दुराग्रह . . पूर्वाग्रह . .  
बहुत कुछ साथ ले जाती है 
होली ।
  
मनाओ मन से तो 
एकनिष्ठ लगन की लौ 
है होली ।
खेलो सरल भाव से तो 
निश्छल रंगों का 
पावन पर्व है होली ।



मंगलवार, 20 फ़रवरी 2018

कमल के फूल




कुछ बातें 
गड़ती हैं 
कलेजे में ऐसे, 
जैसे शब्द 
बन गए हों शूल ।

और कुछ बातें, 
धीरे - धीरे 
खिलती हैं 
मन के ताल में,
मानो कमल के फूल । 


बातें



बातें 
बीज की तरह होती हैं ।
जो बो दो ,
वही उपजता है 
मन उपवन में ।
इसीलिए तो 
कहीं उगते हैं कैक्टस ,
कहीं बबूल के कांटे ,
कहीं सरसों के खेत लहलहाते ,
कहीं अमर बेल, 
और कहीं खिलते हैं 
दूर दूर तक, 
बेशुमार, 
फूल ही फूल ।   

शुक्रवार, 26 जनवरी 2018

निराला















एक हुए थे निराला 
सूर्यकांत त्रिपाठी निराला । 
जिनकी कालजयी रचना, 
राम की शक्ति पूजा, 
शूरवीरों की आराधना, 
अब तक अलख जगाती है ।

एक 
सपूत भारत माता के 
बहादुर सिपाही ये -
कॉर्पोरल ज्योति प्रकाश निराला । 
जिस शूरवीर ने 
कर दिखाया, 
वास्तव में 
कैसे निभाई जाती है 
राम की शक्ति पूजा । 
कैसे चढ़ाया जाता है 
जीवन का नैवेद्य । 
कैसे संपन्न होती है 
देशभक्ति आराधना । 

   

The Acknowledgement Of Sacrifice


Anonymous soldiers
of peace,
Quietly,
Lay down their lives,
Fighting
on the battlefield,
for the freedom
of their country.

Their countrymen
Those who are wise,
from their secure
home's comfort,
close their eyes,
with a condescending sigh,
sipping tea coffee
from a smug mug,
endlessly analyze 
and collectively 
philosophize.

शुक्रवार, 19 जनवरी 2018

बेटियां

क्यों हो जाती हैं विदा 
घर से बेटियां ?
गुपचुप सोचते हैं सदा 
दुनिया भर के पिता ।

सूना हो जाता है आँगन सारा,
जब-जब चली जाती है बिटिया ।  
कोई नहीं रखता ध्यान इतना,
बिना कहे जितना करती हैं बेटियां ।

घर आते ही पानी का गिलास देना ।
सामान का थैला हाथ से ले लेना ।
बटुआ और चश्मा ढूंढ कर देना ।
पैंट-कमीज़ प्रेस कर रख देना ।
दवा हाथ में ला कर दे देना ।
घर भर में चिड़िया-सा चहचहाना ।
बहुत मन दुखाता है उसका चले जाना ।

जनम भर की कमाई  . . अपनी बिटिया दे देना ।
इसे ही कन्यादान कहते हैं ना ? 

पाल-पोस कर बड़ा करना,
और दूसरे घर भेज देना ।
अपने कलेजे का टुकड़ा ,
किसी और को सौंप देना ।

अच्छे संस्कार अपनी बिटिया को देना ।
उसे इसी पूँजी से घर बसाते देखना ।
या एकाकी दीपशिखा-सी स्वावलंबी बनते देखना ।
पिता के आशीर्वाद का सम्मान है ना ?
पिता की नम आँखों का स्वाभिमान है ना ?

बस कभी-कभी जब जगह पर नहीं मिलता  . . 
चश्मा  . . दवा  . . मफ़लर या बटुआ  . . 
बहुत - बहुत याद आती है बिटिया ।      
         

शनिवार, 6 जनवरी 2018

सलीका


तमाम 
मिले - जुले रंगों की 
बेतरतीब 
आड़ी - तिरछी रेखाओं में भी  
मनभावन 
तस्वीर नज़र आने लगे  . . 

मेले में खरीदी लाल - हरी 
कांच की चूड़ियां,
चटक चुनरी लहरिया, 
मेहँदी रची हथेलियां,
मिर्च कुतरता तोता,
हरी घास,
अबीर गुलाल,
गेंदा और गुलाब,  
और जो कहिये जनाब !
याद आने लगे !

कोई अच्छी - सी बात सूझे,  
मन 
जीवन का छंद 
गुनगुनाने लगे,
समझिए 
आपको सलीका आ गया !
मुबारक हो !
आपको जीना आ गया !

मंगलवार, 21 नवंबर 2017

प्राण प्रतिष्ठा



काठ की गुड़िया 
केवल सिर हिलाती है,
बोल नहीं पाती है ।
पर मोल लेने वालों को 
ऐसी ही मूक प्रतिमा 
बेहद पसंद आती है ।

काठ की गुड़िया 
अनेक प्रकार की, 
सारी दुनिया में 
पाई जाती है । 
कई नामों से 
जानी जाती है ।

मिट्टी की गुड़िया ।
मोम की  गुड़िया। 
प्लास्टर ऑफ़ पेरिस की तो 
ग़ज़ब ढाती है । 
नाक - नक़्श महीन 
और मुँह में ज़बान नहीं । 
और क्या चाहिए जी ?

हामी भरती हुई 
बेजान चीज़ भी 
बड़ी आकर्षक और 
मनभावन होती है ।
खूबसूरती की 
मिसाल होती है।  
कुल मिला कर 
कमाल होती है !

जिस दिन ये गुड़िया 
बोलने लगेगी,
ना जाने क्या-क्या 
कह देगी । 

सब की भलाई 
इसी में है,
ये गुड़िया घर में 
सजावट के लिए ही रहे ।
इसके बोलने में 
बड़ा खतरा है।  

काठ की गुड़िया  . . 
मिट्टी की गुड़िया  . .
कांच की गुड़िया  . . 
रबर की गुड़िया  . . 

जिस दिन ये गुड़िया 
बोलने लगेगी,
सुन्दर दिखे ना दिखे  . . 
अच्छी लगे ना लगे  . . 
दुनिया बदल देगी ।   

गुरुवार, 2 नवंबर 2017

आत्मबल




कब तक 
माँ दुर्गा ही 
महिषासुर मर्दन करेंगी ?
कब तक 
राजा राम ही 
रावण से युद्ध करेंगे ?

यदि महिषासुर 
और दशानन 
हमारे भीतर की ही 
दशाएं हैं, 
तो हम अपनी लड़ाई 
खुद कब लड़ेंगे ?

सामर्थ्य और 
दायित्व बोध जो 
प्रसाद में पाया हमने 
कब उस आत्मबल से 
स्वयं अपने 
मन के क्लेश 
हरेंगे हम ?


बुधवार, 25 अक्टूबर 2017

पत्तों को चुपचाप झरते देखा





















पतझड़ में 
एक एक करके 
हरे-भरे 
कुछ-कुछ पीले हो चुके 
पेड़ों से 
पत्तों को चुपचाप 
झरते देखा,
तो मन में 
पल्लवित हुई 
एक इच्छा ।

स्वेच्छा से,

यदि मन में 
गहरे पैठे 
पूर्वाग्रह और कुंठाएं 
यूँ ही आप झर जाएं,
नई संभावनाओं के लिए 
जगह बनाएं,
तो क्या खूब हो !

सहर्ष परिवर्तन का स्वागत हो !

जीवन में नित नया वसंत हो !




   

















मंगलवार, 24 अक्टूबर 2017

दायित्व




अपने अपने आले में, 
दीपक बन के 
जलते रहें ।

इतना भी बहुत है, 
अंधकार में 
उजाला लाने के लिए । 


शनिवार, 7 अक्टूबर 2017

कही कविता


बचपन से ही कविता को    
संकट के कठिन समय में 
संजीवनी बूटी बनते देखा। 
सुख के चंचल चपल दिनों में 
अहाते में चौकड़ी भरते देखा। 
घर भर के कोने - कोने में 
कविता को रचते - बसते देखा । 

माँ को सदा गृहस्थी के 
उलटे - सीधे फंदों में 
रहीम के दोहे बुनते देखा। 
दाल-भात, खीर और फुल्के 
रसखान के रस में पगते देखा। 

दादा को हर दिन सुबह-सबेरे
चौपाइयों से आचमन करते देखा। 
सूरदास की पदावली में 
ठाकुर दर्शन होते देखा। 

आँखों की नमी को नज़्म होते देखा। 
डूबती नब्ज़ थामने को ग़ज़ल होते देखा। 

कविता से बाँटी मन की पीड़ा। 
जो भी सीखा,कविता से ही सीखा। 

जीवन में लोग आए - गए ,
घटनाक्रम चलते रहे। 
पर कविता ने कभी भी 
साथ नहीं छोड़ा। 

कविता को घर आँगन की 
पावन तुलसी बनते देखा। 
देखा बनते 
सीता मैया की लक्ष्मण रेखा। 
और अर्जुन के लिए 
कृष्ण की गीता। 
कविता से ही सीखा 
जीने का सलीका। 

जब जब ठोकर लगी 
कविता ने ही संभाला। 
कविता जैसा ना पाया 
मनमीत कोई दूजा। 

माँ की गोद से जब उतरे 
कविता की ऊँगली पकड़ के ही 
हमने चलना सीखा। 

कविता से पाई जीवन ने गरिमा। 
कविता से पाई ह्रदय ने ऊष्मा। 

कविता की दृष्टि से ही 
समस्त सृष्टि को देखा। 
कविता में जी को पिरो कर ही 
कविता को जी कर देखा। 


शुक्रवार, 6 अक्टूबर 2017

कविता जब सूझी





कविता जब सूझी, 
झट लिख दी । 

बौद्धिक श्रृंगार किया नहीं ।
शब्दों को संजोया नहीं । 
बेवजह मंथन किया नहीं ।
चाँद - सितारे जड़े नहीं ।   

नाप - तोल के देखा नहीं,
लाग - लपेट में पड़े नहीं । 
बस जैसी मन में उपजी, 
वैसी ही अर्पित कर दी। 

भावना सच्ची थी। 
बस इतनी गुणवत्ता थी। 
वर्ना बात ही तो थी ,
कहनी थी कह दी। 


बुधवार, 4 अक्टूबर 2017

जीवन तो अपने विवेक से जीना है

भई, तुमसे किसने कहा था !
किसने कहा था कि किस्मत से उलझो ?
बल्कि समझाया था ..
वक्त की नज़ाकत समझो !
जो होता है होने दो !
होनी को कौन टाल पाया है ?
सब प्रभु की माया है !
कुछ भी ऊल-जलूल मत बको !
देखो अपनी हद में रहो ..
पर तुम्हें तो जीवन की
पोथी को बांचना है !
ज़िंदगी के हर इम्तिहान की
कॉपी को जांचना है !
भाग्य से लङ कर गढ़ जीतना है !
अपने जीवट का जौहर दिखाना है !
नट का नाच
सीखना और सिखाना है !
जमूरा नहीं.. उस्ताद बन कर
खेल दिखाना है !
खैर..देखो अब नतीजा क्या निकलता है !
तुम्हारा माद्दा पास या फ़ेल होता है !
कब तक टिकोगे बहाव के आगे ?
डूबते हैं जो बाज़ नहीं आते !

अच्छा जाओ.. जो मन में आये करो !
अभिमन्यु की तरह चक़व्यूह से लङो !
पराक़म करो !
जिसका जो होना है सो होना है !
पर तुम्हें भी जो करना है सो करना है !
जीवन की ये कैसी विडंबना है !

पर तुम्हारा ये कहना है -
विडंबनाओं को साथ लेकर जीना है.
विसंगतियों को स्वीकार करना है..
और फिर परास्त करना है.

तो ठीक है..
अब जैसा तुम कहो.

कोई चमत्कार हो ना हो, 
मन का माना हो ना हो,
जीवन तो अपने विवेक से जीना है.

जीवन तो अपने विवेक से जीना है.



करारनामा


करारनामा  
जब से ...

तुम्हारे नाम लिखी चिट्ठी
जब से डाक में
लौट आई है,
तब से मैंने तुम्हें
चिट्ठी लिखना
छोड़ दिया है.

अब मैंने
अपने नाम आई
हर चिट्ठी को
सहेजना,
बार-बार पढना
शुरू कर दिया है.


करारनामा २ 

अब ..

जब से तुमने
मेरे प्यार का इज़हार,
इश्तहार से भी बेकार
करार दिया है ;
तब से मैंने
तक़दीर से तकरार
करना छोड़ दिया है.
पर अब.. मैं प्यार
देने वालों को
बेबस लाचार,
चेष्टा अनाधिकार
करने वाला..
नहीं समझता.
अब मैं
ज़रा-सा भी
प्यार-दुलार
मिले तो
बेझिझक अपनाता हूँ.
उत्सव मनाता हूँ.
जिसका स्नेह मिले,
उसका आभार
मानता हूँ.
जो आत्मीयता से
अपना कहे,
उसे हृदय से लगाता हूँ.



करारनामा ३ 

करार

जानते हो क्यों ?
क्योंकि बहुत कुछ खो कर
मैंने पाना सीखा है.
अवहेलना सह कर
भावनाओं का
आदर करना सीखा है.
कोई समझ क्यों नहीं पाता . .
इस उलझन को सुलझा कर
अव्यक्त को समझ लेना सीखा है.

जो मुझे नहीं मिला
मैंने देना सीखा है.



सोमवार, 2 अक्टूबर 2017

वैष्णव जन तो तेने कहिये


बापू ने कहा, 
हमने सुना । 
शास्त्रीजी ने कहा,
हमने सुना । 
सुना और 
जिल्द बाँध कर 
ताक पर धर दिया । 

जिन्होंने ऐसा नहीं किया,
केवल उन्होंने 
इन महापुरुषों का 
कहा किया । 
सुना और गुना । 
मान किया । 

वे महापुरुष थे,
सिर्फ़ इसलिए नहीं ।   
इसलिए कि उन्होंने 
बड़ा सोचा,
और वही किया । 

और उनकी सोच को 

जिस - जिसने जिया, 
उसी ने उनका 
वास्तविक आदर किया ।