रविवार, 22 अप्रैल 2012

कहने को बहुत कुछ पास है मेरे



ऐसा नहीं है कि
कुछ कहने को
मेरे पास नहीं ..
या शब्द
मेरे पास नहीं..
तब भी थे,
अब भी हैं कई
बातें,
जो कहने लायक हैं, बल्कि
दिलचस्प कथानक हैं..और
जायज़ हैं.

पर.. बात अब
खत्म हो जाती है
कहने से पहले,
चुप-सी लग जाती है, कोई
लक्ष्मण रेखा खिंची हो जैसे.
एक सन्नाटा भीतर
पसर गया हो जैसे.

कोई तो आकर झिंझोङे,
मन की साँकल खोले,
बंद खिङकी-दरवाज़े खोले,
कोई तो कुछ ऐसा बोले
जो बोलने का मन करे..

बहती नदी हो जैसे,
मंदिर की घंटियाँ हो जैसे,
बाँसुरी की तान हो जैसे,
बच्चों की मीठी बोली हो जैसे..
बेहिचक बेफ़िक्र
निश्छल निश्चिन्त निर्द्वंद
संवाद हो.

कहने को बहुत कुछ
पास है मेरे.



शनिवार, 14 अप्रैल 2012

लतीफ़ा


समझ में आया तो
दिल खोल कर हँसा.
आखिर लतीफ़ा क्या था
अपना ही किस्सा था
जीने का हिस्सा था ..
समझ लीजिये !

वाकया समझ कर सुन लो,
लतीफ़ा समझ कर हँस लो..
तो जीना आसान हो जाये,
खुश रहने का सबब बन जाये !




शनिवार, 7 अप्रैल 2012

खोकर पाना


जिस दिन मेरा प्यार
अपनी पहचान खो बैठा,

हारसिंगार के फूलों-सा
झर गया ..
मुट्ठी से रेत जैसा
फिसल गया ..
पारे की तरह
बिखर गया ..

उस दिन मैंने,
खोकर पाना सीखा.
खुश्बू की तरह
हवाओं में घुलमिल जाना,
फूलों में बस जाना सीखा.

अपना होकर,
सबको अपनाना सीखा.      


बुधवार, 4 अप्रैल 2012

हद करती हैं लङकियां




जाने क्या-क्या सवाल पूछती हैं लङकियां,
चुप रह के भी बेबाक़ बोलती हैं लङकियां.

बङी शिद्दत से मुहब्ब्त करती हैं लङकियां,
बात-बात पर देखो झगङती हैं लङकियां.

नज़ाकत की मारी ये शोख बिजलियां,
हालात को टक्कर देती हैं लङकियां.

बङे ही नाज़ों से पाली ये हमारी बेटियाँ,
कुनबा सारा का सारा संभालती हैं लङकियां.

गलतियां करने का रखती हैं हौसला,
शर्तों पे अपनी जीने लगी हैं लङकियां.

मर्दों से बराबरी की दुहाई नहीं देतीं,
किस्मत से भी बेखौफ़ उलझने लगी हैं लङकियां.

उम्मीद के सहारे नहीं काटती सदियाँ,
फ़ैसले खुद अपने करने लगी हैं लङकियां.

हँसती हैं सिसकती हैं धधकती हैं लङकियां,
कमर कस के हर घङी को जीती हैं लङकियां.

हद करती हैं लङकियां  !



शुक्रवार, 2 मार्च 2012






अब हमको किसी पर भी भरोसा नहीं रहा,
जिस पर किया यकीं वही छल के चल दिया.    

            
छुप-छुप के रहता हूं मैं अब अपने ही घर में,
जिसको पता दिया वही घर लूट ले गया.

अब किससे शिकायत करें और काहे का शिकवा,
कह-सुन के मना लें अब वो रिश्ता नहीं रहा.

मिलते हैं हज़ारों दफ़ा पर उनको क्या पता,
बिन बोले समझ लें वो अपनापन नहीं रहा.




रविवार, 19 फ़रवरी 2012

अलख

 

जब चाँद गगन में खिला,
सूरज था घोङे बेच कर सोया.
दिन भर का थका-हारा,
रात के बिछौने पर पसरा.

चाँदनी चुपके से आई,
धरती को ओढनी ओढाई.
नभ के तारे बटोर लाई,
और धीमे-धीमे लोरी सुनाई.

दिन बीते अमावस आई,
काजल से काली रजनी लाई.
कुछ ना देता था दिखाई,
तब तारों ने इक बात सुझाई.
क्यों ना अपनी टोली में,
दिये भी शामिल कर लें भाई ?
सभी के मन को बात ये भाई,
टिमटिमाते दियों की सभा बुलाई.

दिये आखिर मिट्टी के होते हैं,
सो बङे ही सीधे-सादे होते हैं.
झट से मान गये,
विपदा टाल गये.

दिये आखिर मिट्टी के होते हैं,
सो बङे ही मेहनती होते हैं.
तेल-बाती जुटा लाये,
झटपट झिलमिल जलने लगे.

सूरज ने चँदा ने सुना,
दोनों ने खुश होकर कहा,
समय पर जो काम आया,
वही मीत सबसे भला.

चँदा सूरज तारे दिये,
अब दोस्त कहलायेंगे.
सब साथी मिलजुल के,
जग का अँधेरा मिटायेंगे.

चँदा सूरज और तारे जब थक जायेंगे,
छोटे-छोटे मिट्टी के दिये बीङा उठायेंगे.
जब-जब अमावस आयेगी,
जगत की दृष्टि हर ले जायेगी,
दिये की अडिग लौ
अलख जगायेगी.

जिस दिन हज़ारों दिये जगमगायेंगे,
हम सब मिल कर दीपावली मनायेंगे. 





सोमवार, 6 फ़रवरी 2012

बहता चल



कल कल बहता नदी का जल,
सजग हमें करता प्रतिपल.

जीवन का छंद है बङा सरल,
बस सरल भाव से गाता चल.

लहरों का भावावेग तरल,
समझें मांझी के नयन सजल.






रविवार, 22 जनवरी 2012

करारनामा




      करारनामा
१. जब से ...

तुम्हारे नाम लिखी चिट्ठी
जब से डाक में
लौट आई है,
तब से मैंने तुम्हें
चिट्ठी लिखना
छोड़ दिया है.

अब मैंने
अपने नाम आई
हर चिट्ठी को
सहेजना,
बार-बार पढना
शुरू कर दिया है.


    करारनामा

२. अब ..

जब से तुमने
मेरे प्यार का इज़हार,
इश्तहार से भी बेकार
करार दिया है ;
तब से मैंने
तकदीर से तकरार
करना छोड़ दिया है.
पर अब.. मैं प्यार
देने वालों को
बेबस लाचार,
चेष्टा अनाधिकार
करने वाला..
नहीं समझता.
अब मैं
ज़रा-सा भी
प्यार-दुलार
मिले तो
बेझिझक अपनाता हूँ.
उत्सव मनाता हूँ.
जिसका स्नेह मिले,
उसका आभार
मानता हूँ.
जो आत्मीयता से
अपना कहे,
उसे हृदय से लगाता हूँ.

    करारनामा
३. करार

जानते हो क्यों ?
क्योंकि बहुत कुछ खो कर
मैंने पाना सीखा है.
अवहेलना सह कर
भावनाओं का
आदर करना सीखा है.
कोई समझ क्यों नहीं पाता
इस उलझन को सुलझा कर
अव्यक्त को बूझ लेना सीखा है.

जो मुझे नहीं मिला
मैंने देना सीखा है.






शनिवार, 21 जनवरी 2012

अपने दुख से बङा




तुम्हें लगता है तुम्हारा दुख सबसे बङा है.
मुझे भी लगता है कि मेरा दुख सबसे बङा है.

क्यों ना लगे ?

आखिर जिस पर बीतती है,
वो ही तो जानता है !

ठीक है.
तर्क बेहतरीन है.

लेकिन फिर ये बताओ...

आदमी बङा है ?
या उसका दुख बङा है ?

आदमी बङा है ?
या चुप करा देने वाला
तर्क बङा है ?

लगता तो ऐसा है कि
जब दुख आदमी का
उससे भी बङा हो जाता है,
तब अपने ही दुख के मुकाबले
खुद आदमी छोटा हो जाता है;

जैसे घने कोहरे में
रास्ता
छुप जाता है,
खो जाता है.
भूल जाता है आदमी,
कि कभी ना कभी
करवट बदलेगी ज़िंदगी.
धूप निकलेगी,
दुख के कोहरे को
समेट लेगी.

हालात की ज़मीन पर
घुटने जो टेक दे,
वो दुख होता है.

दुख में दूसरे का
सहारा बन कर
सीधा सचेत खङा रहे,
वो आदमी होता है.

तुम्हारा हो,
या मेरा हो,
दुख तो दुख होता है.

कितना भी बङा हो
दुख तेरा या मेरा,
अपने दुख से बङा
खुद आदमी होता है.





रविवार, 15 जनवरी 2012

बस इतना ज़रूरी है



ये ज़रूरी नहीं कि जिसे आप चाहें
वो भी आपको उतना ही चाहे.

चाहने के मायने अलहदा हो सकते हैं.
चाहने के कायदे जुदा हो सकते हैं.
चाहने के दायरे समझ से परे हो सकते हैं.
चाहने के अनुपात परिस्थिति-जन्य हो सकते हैं.

क्या कीजियेगा ?
क्या कहियेगा ?
क्या करियेगा ?

कुछ.. नहीं कर सकते.

बस यूँ समझ लीजिए..

इतना ही ज़रूरी है कि जिसे आप चाहते हैं,
उसे यूँ ही चाहते रहिये.

इतना ही ज़रूरी है कि जो जान से भी प्यारा है,
उसे जी-जान से बस प्यार करते रहिये.

प्यार का पौधा जो रोपा है ज़हन में,
शिद्दत से..मुहब्बत से..उसे सींचते रहिये..

बस.. इतना ज़रूरी है.





बुधवार, 30 नवंबर 2011

मिसरी




वजह
नहीं पता.
पर तुमसे
एक रिश्ता,
भूली-बिसरी,
मिसरी सी
याद का,
का़यम है.
तुम्हें
ख़बर है क्या ?





नदी





नदी का पानी
कभी ठहरता नहीं.
पर नदी के किनारे,
इस पार उस पार,
वही पुराने घाट हैं.

कल कल बहता पानी
सदियों से,
घाटों को ही अपनी
सुनाता आया है 

कहानी.
सुन सुन कर कहानियां
घिस गई हैं
घाट की सीढियां.
कई बार भावावेग में
डूब गई हैं सीढियां.

नदी का उमङना,
घटना-बढना,
जीवन के क़म हैं.
जिन्हें साँझ-सवेरे
नैया खेते-खेते
अपने गीतों में रच के
गाते हैं मांझी.



मंगलवार, 29 नवंबर 2011

पूर्वाग़ह





बङे लोगों के
पूर्वाग़ह,
उनसे भी
बङे होते हैं.

छोटे लोगों के ..
कद में नहीं,
हैसियत में ..

..तो
छोटे लोगों के
पूर्वाग़ह..हों भी तो
कोई मायने
नहीं रखते.
उनके आग़ह भी
दुराग़ह प्रतीत
होते हैं.

इन मामूली
लोगों के
बस हौसले
बङे होते हैं.


रविवार, 2 अक्टूबर 2011

मुझे जाना है दोस्त





वाकई
बुरा मत मानना दोस्त.
दोस्त हो तुम.
तुम्हारे साथ वक्त गुज़ारना
गप्पें लङाना
घंटों ..
असल में बङा
मज़ेदार होता है,
जैसे धीरे-धीरे
पान चबाना
और अड्डेबाज़ी का
लुत्फ़ उठाना..
पर मुझे जाना है दोस्त.

मुझे जाना है दोस्त.
अरसा हुआ
बीवी से नहीं पूछा,
कैसे घर चलाती है
बिना कोई शिकायत किए ?
नलके से बूंद बूंद
टपकते पानी जितने
चंद रूपये
पूरे पङते हैं कैसे ?

मुझे जाना है दोस्त.
माँ के पास
कुछ देर बैठना
और पैर दबाना
चाहता हूं
बहुत दिनों से.
जानता हूं
कहेगी कुछ नहीं,
तरसती रहेगी
दो बोल के लिए.
बुढापे में
हाङ नहीं दुखते जितने,
टोचते हैं उतने
दुखङे कहे-अनकहे.

मुझे जाना है दोस्त.
सुना-अनसुना
बहुत किया,
अब बहुत हुआ.
जिन्होंने पैरों पर खङा किया
उन बाबूजी के
घुटनों में
अब दर्द रहता है.
पाल-पोस कर बङा किया
जो हो सका उन्होंने किया..
अब उनका हाथ तंग रहता है.
ज़रूरत के पैसों का
तकाज़ा करना,
उन्हें अटपटा लगता है.
उनके साथ बाज़ार-हाट
कॉलोनी के पार्क तक
साथ-साथ जाऊं तो
समझ में आये
उन्हें क्या चाहिए.

मुझे जाना है दोस्त.
बहुत दिन हुए
बहन के घर गए.
कुछ नहीं बस,
मुझे देख कर
दो बातें कर
उसका चेहरा खिल जाता है.
और मुझे चैन पङ जाता है.

मुझे जाना है दोस्त.
पिछले दिनों मुझे लगा
मेरे भाई के
मन में
है कोई दुविधा.
बात क्या है यदि मैं जान पाता,
तो शायद कोई हल सुझाता
या बातें ही करता,
उसका मन हल्का हो जाता.
कई दिनों से
बस आते-जाते मिले,
सोचता हूं रोज़ शाम को
शतरंज खेली जाये
और वक्त की
चाल समझी जाये,
मुश्किलों को मात दे दी जाये.

मुझे जाना है दोस्त.
बच्चों के गिले-शिकवे,
स्कूल के उनके बस्ते
खोल कर देखने
उनके खेल खेलने का
वक्त ही नहीं मिलता.
आज सोचा है,
उनको चौंका दूंगा,
कहीं घुमा लाऊंगा,
उनके साथ बच्चा बन जाऊंगा.
कहो कैसा रहेगा ?

क्या ये सब मुझसे
हो सकेगा ?
समझ रहे हो ना ?
इसीलिए आज नहीं,
फिर एक दिन कभी
तुम्हारे साथ बैठूंगा.
और कुछ नहीं करूंगा.
यारों के किस्से सुनूंगा,
चबूतरे पर लेटा-लेटा
तारे गिनूंगा,
पुराना कोई गीत गाऊंगा.

पर आज नहीं.
आज मुझे जाना है मेरे दोस्त.

सच.
बुरा मत मानना,
आज मुझे जाना है दोस्त. 





शनिवार, 1 अक्टूबर 2011

तुम्हें नहीं पता




याद है उस दिन
जिस दिन
माँ ने तुम्हें
एक ज़ोर का
चाँटा मारा था
और बहुत
डॉटा था ..
उस दिन
जब तुम
रोते-रोते
सो गए थे,
तुम्हारे गालों पर
आंसू
सूख गए थे..
उस दिन
देर रात तक मॉं
जागती रही थी.
बहुत देर तक
तुम्हारे सिरहाने बैठी
हिलक हिलक कर
रोती रही
और तुम्हारा माथा
सहलाती रही..
उस दिन
बहुत देर तक.

तुम्हें पता नहीं.


रविवार, 18 सितंबर 2011

किताबें और खिलौने




जिस घर में
जगह नहीं,
किताबों
और खिलौनों
के लिए,
वो घर
बहुत छोटा है
रहने के लिए.

उस घर में
एक खिङकी
कम है,
बंजारन हवा की
चहलकदमी
के लिए,
आसमान की
चौङाई का
अंदाज़ा
लगाने के लिए,
बदलते मौसमों का
लेखा-जोखा
रखने के लिए,

उस घर में
जगह कम है,
सपनों की फसल
बोने के लिए,
नदी की तरह
अपने भीतर
बहने के लिए,
और छक कर
जीने के लिए.


गुरुवार, 11 अगस्त 2011

आखिर कब आयेगा काम करने का दिन ?





हे परम पिता परमेश्वर !
हे ईश्वर !
कब तक ?

कब तक
लोगे परीक्षा
धैर्य और
सहनशीलता की ?

किसी दिन
हिम्मत का बाँध
टूट गया तो ?
चेतना लुप्त हो गई तो ?
तो क्या होगा ?
कौन पालेगा
मिथ्या स्वाभिमान के
अवशेषों को ?

अवश्य !
इतना बोध तो है मुझे..
कोई ना कोई कारण होगा
इस बेतरतीब घटनाक़म का..
तुमने ज़रूर कुछ सोच रखा होगा..
क्योंकि,
सृष्टि में तुम्हारी
निरर्थक
कुछ भी नहीं होता.
पर क्या
जीवन सारा
दुर्भाग्य से लङने में ही
बीत जायेगा ?
लङते लङते जो सीखा
वो किस दिन काम आयेगा ?
सहते सहते ही
सारा जीवन जायेगा,
या कुछ कर दिखाने का
अवसर भी आयेगा ?

ये ठीक है कि आत्मरक्षा
सर्वोपरि है,
कुछ करने को बचे रहने के लिए..
ये भी ठीक है कि
आत्मसमर्पण की अपेक्षा,
अपनी अस्मिता की रक्षा
ज़रूरी है.
अपनी स्वतंत्रता की रखवाली
कर्तव्य निभाने की
पहली सीढ़ी है.
जब तक हम हारे नहीं,
तब तक अपनी दुनिया के
हम राजा हैं.

पर राजा अगर
किले को बचाते-बचाते ही
चुक जायेगा,
तो प्रजा की सेवा का
बीङा कौन उठायेगा ?
खुशहाली के खेत जोतने का
दिन कब आयेगा ?
 


सोमवार, 1 अगस्त 2011

मौसम समाचार




मन की
जो अवस्था हो,
मौसम वैसा ही
मन पर बीतता है.

मौसम बहुरूपिया
मन पढ लेता है,
और मन का हाल जैसा
वैसा ही स्वाँग
रच देता है.

कभी बूंदाबादी..
हल्की फुहारें..
सुखद स्मृतियों के
झूले झुलाये.
कभी ऐसी ही रिमझिम
मानो गरम तवे पर
पानी की बूंद
चटके
और बिखर जाये,
यादों को
झुलसा जाये.

कभी..
पहली बारिश
मिट्टी की सौंधी
महक ले के आये,
मन को भाये,
और कभी
ये ही बारिश
अधूरी ख्वाहिशों की
घुटन भरी उमस से
जी को जलाये.

कभी..
लगातार..
बरसता पानी
फूट फूट कर
रोने का
पर्याय बन जाये,
कभी झमाझम वर्षा
मुरझाये मन मयूर की
सारी उदासी
बहा कर ले जाये.

इसीलिए,
मौसम के बारे में
जब कोई
पूछे सवाल,
मौसम बताता है
मन का हाल.