शुक्रवार, 7 सितंबर 2018

मन भर आकाश


स्टीफ़न हॉकिंग ने कैसे 
एक अर्थपूर्ण 
शानदार जीवन जिया ?
काटा नहीं  . . जिया। 

कुछ भी तो नहीं था,
तन के नाम पर। 
पर मन भर 
असीम आकाश था। 
जिसमें जीवट नाम का 
प्रखर सूर्य चमकता था। 
संवेदनशील धैर्य का चंद्रमा 
शिफ्ट ड्यूटी करता था। 
विलक्षण प्रतिभा पंख फैलाये 
निरंतर उड़ान भरती थी। 
और एक बात थी। 

इस वैज्ञानिक ने अपने 
जीवन की रिक्तता का 
कभी अफ़सोस नहीं किया। 
मस्तिष्क की अपार संभावनाएं 
अपनी सोच में समेट कर
जीवन उत्सव की तरह जिया। 


रविवार, 2 सितंबर 2018

संभावना

क्या खूब हो अगर
तुम्हारी कमी को 
मैं पूरा कर दूं !
और मेरे खाली पन्ने को
तुम भर दो !


आओ चलो !
एक तस्वीर बनाते हैं ,
मिल - जुल कर।
अपने - अपने
रंग भर कर। 
शायद इनके मिलने से
इन्द्रधनुष बन जाये !
कितना मज़ा आये !


या तुम अपनी बात कहो।
मैं अपनी व्यथा कहूँ।
हो सकता है ,
बात - बात में
कविता रच जाये
मेहँदी की तरह
भाग्य रेखाओं में !


हो सकता है ना ..
जब - जब हम हाथ मिलाएं
गर्मजोशी से ,
अपनी - अपनी कमियों में
देख पायें,
नयी संभावनाएं !


शुक्रवार, 31 अगस्त 2018

मनोबल

सब कुछ 
टूट - फूट कर 
बिखर जाये, 
छिन्न - भिन्न हो जाये, 
खो जाये  . .
कुछ भी हो जाये  . . 

आदमी चोट खाता है पर
फिर उठ खड़ा होता है। 
हिम्मत का धनी होता है। 

विसंगतियों से हारता है। 
पर हार नहीं मानता। 

वो अपाहिज हो ही नहीं सकता, 
जिसका मनोबल नहीं टूटा।