बुधवार, 13 नवंबर 2019

लगन


लगन की 
अनगिनत 
बातियों को 
गूंथ कर
सूरज बना, 
जगत में जो
उजाला लाया ।

जो उजाला
दिन ढले
बेशुमार तारों
और चंद्रमा
को समेटता,
हज़ारों दियों की
टिमटिमाती
लौ बन कर
जगमगाया ।

लगन लग जाए
एक दफ़ा,
तो एक दिया भी
काफ़ी है,
अपने हिस्से की
रोशनी,
जुटाने के लिए ।


बुधवार, 30 अक्टूबर 2019

आए हैं सिया राम




आओ
एक नए दिन का
सहर्ष स्वागत करें ।

आए हैं सिया राम
लंका जीत कर ।
अभिनन्दन करें ।

हम भी अपने-अपने
युद्ध जीतने का
संकल्प करें ।

यथासंभव
प्रसन्न रहने का
प्रयत्न करें ।

दिये की लौ से
तिमिर का
तिलक करें ।

नन्हे दियों सी
छोटी खुशियों का
आनंद संजोएं ।

मर्मभूमि पर हृदय की
सियाराम लिख
वंदन करें ।

आओ जीवन की
विसंगतियों को
त्यौहार में बदल दें ।

आओ आशा के
टिमटिमाते दियों की
झिलमिलाती रोशनी में
अल्पना बन संवर जाएं ।


सोमवार, 14 अक्टूबर 2019

डायरी के ख़ाली पन्ने


बड़ा शौक है मुझे 
डायरियां इकट्ठी करने का..    
उन लोगों का है कहना 
जो जानते हैं मुझे।  

देखा है उन्होंने 
मुझे डायरियां खरीदते हुए,
डायरियों के इश्क में
मजनू होते हुए ..
खूबसूरत डायरी देखी नहीं
कि लट्टू हो गए !
आव देखा ना ताव
घर ले आए
सीने से लगा के !
बस यूँ समझ लीजिए
एक निकाह ही नहीं पढ़ा !
हम भी वर्ना ...
आदमी थे काम के !

कभी तशरीफ़ लाइए !
नाचीज़ के गरीबखाने पे !
शेल्फ़ में करीने से सजी
दिखेंगी डायरियां !
बहुत कुछ जिनमें
बाकी है लिखना। 
ख़ाली पन्ने नहीं ये 
दामन हैं उम्मीद का। 
किसी दिन देखना, 
मुझे आ जाएगा लिखना
अपने मन का। 

बस ये मत पूछियेगा
इन डायरियों का होगा क्या ?
कुछ ना कुछ तो होगा ज़रूर !
ये नाज़नीं ठहरीं मेरा गुरूर !

और क्या कहिये इनका सुरूर !
मरमरी काग़ज़ की खुशबू
कर देती है दीवाना !
अपने-आप से बेगाना !

जब डायरी का कोरा पन्ना
खुलता है आँखों के सामने,
जी में उमड़ने लगता है
जज़्बात का सैलाब !
और बाहों में समाने लगता है
संभावनाओं का असीम आकाश। 

आज नहीं तो कल बोल उठेंगे शब्द, 
और भर देंगे डायरी के सारे ख़ाली पन्ने।