मंगलवार, 14 अप्रैल 2026

नूतन वर्ष फले-फूले


फसल कटी है !

खुशी की घङी है !

बहुत दिनों बाद

भूले सुर आए याद !


धन-धान्य से 

भरें भंडार !

खाने को मिले 

पेट भर ।


आज है त्यौहार ।

कल फिर आएगा

बीज बोने किसान ।

शुरु होगा काम ।


अन्न ब्रह्म देवता

रहें श्रम से प्रसन्न ।

वरद हस्त हो

कला साहित्य पर ।


मिट्टी से जुङे रहें ।

फूलों की तरह खिलें ।

अपनों का साथ रहे ।

जो भी हो, खुश रहें ।


शनिवार, 11 अप्रैल 2026

झूमर तले


दिन जैसे जैसे खूब तपने लगे
फूलों के रंग चटख होने लगे

झूमर से झूमते अमलतास फूले
रास्तों के किनारे सोनमोहर बिछे

छज्जे-छज्जे पर बोगनवेलिया लगे
मजाल है कि कोई भी रंग छूट जाए 

हर मील के पत्थर पर प्याऊ बने
मिट्टी के घङे का शीतल जल मिले

रास्तों को घने वृक्षों का साया मिले
राहगीर को चलने का हौसला मिले

बुधवार, 8 अप्रैल 2026

अपने कर्म ही


अपने कर्म ही
भाग्य सँवारते हैं ।
अपने कर्म ही
आङे आते हैं ।

अपने कर्म ही
दाँव लगाते हैं ।
अपने कर्म ही
खूब पछाङते हैं ।

अपने कर्म ही
पहचान बनाते हैं ।
अपने कर्म ही
धूल चटाते हैं ।

बाकी सारी बातें
सब बेकार हैं ।
अपने कर्म ही
बनाते-बिगाङते हैं ।

बात-बात पर
भगवान को क्यों कोसें ?
बाधाएँ आने पर
दूजों को क्यों दोष दें ?

आदमी क्यों जीवन भर
जोङ-तोङ बैठाता है ?
जब अपना किया ही
अपने खाते में जाता है ।