गुरुवार, 11 अप्रैल 2013

वो भी क्या दिन थे




वो भी क्या दिन थे,
आंसू नहीं थमते थे .
उपन्यासों के घटनाक्रम 
रुला देते थे .
उपन्यासों के पात्र 
संगी-साथी होते थे .
कहानी के उतार-चढ़ाव 
मन की नैय्या को देते थे हिचकोले .
किताबों की जिल्द में बंधे थे 
कितने ज्वार भावनाओं के .
वो लिखने वाले ,
जीवन गंगा में,
डुबकी लगा के ,
लिखते थे जो ,
उनके शब्द सजीव होते थे. 

और शेष उम्र के तकाज़े थे .
अनुभूति के कागज़ कोरे थे .
रंग चटख चढ़ते थे. 
और पूरे चढ़ते थे. 
तो क्या वय के साथ सारे 
रंग फीके पड़ गए थे ? 
आंसुओं में भीग के 
गीले कागज़ फट गए थे ?

नहीं . न कागज़ गले थे .
न अक्षर मिटे थे. 
पर बहुत जल्दी हम समझ गए थे ,
उपन्यास के पात्र झूठे नहीं थे .
वे सब परिचित-अपरिचित, अपने - पराये ,
सब अपने थे, आसपास थे .
हमेशा से वे सचमुच के लोग थे .
बस बदले तो नाम मात्र थे .
जो कथानक था .
कथित रूप से काल्पनिक था .
वर्ना , सब कुछ कहीं ना कहीं घटा था .
लेखक किस पात्र को कहाँ 
किस घटनाक्रम से जोड़ता था 
और अंततः जो कहना चाहता था 
या मन में जो भाव जगाता था ,
वही सार्वभौमिक संवेदना का सूत्र था ;
जो लेखक की कलम को पेंट - ब्रश बना देता था .
और पाठक के अवचेतन को कैनवस बना देता था .

उस उम्र में जब मन पर मनों 
जीवन संघर्ष की गर्द परत दर परत 
जमी नहीं थी ,
रंग सारे सच्चे और गहरे चढ़ते थे .
इसीलिए तब ही जान लिया था -
काल्पनिक कथा में जितना सच था ,
जीवन यथार्थ को उतना 
अच्छी तरह समझा देता था .

वो भी क्या दिन थे .
जब उपन्यासों ने हमें 
संवेदनशील बनाया .
जीवन को परखना 
और सराहना सिखाया .

वो भी क्या दिन थे .
जब आंसू नहीं थमते थे .

वो भी क्या दिन थे .
जब किताबों के पन्ने 
मन पर छपते थे .






रसरंग



कोयलिया ने 
मधुर गीत सुना कर 
प्रस्ताव रखा -
चलो, जीवन को 
सरस बनाते हैं .

नव पल्लव झूम उठे 
सुन कर,
सहर्ष, करतल ध्वनि की।
रंगों की पिचकारी छूटी . 

वसंत के रंगों में खिले,
हर फूल ने 
सिर हिला कर,  
और खिल कर 
प्रस्ताव का अनुमोदन किया .

जीवन का पन्ना-पन्ना,
मन के कैनवस का कोना-कोना 
रंग दिया .

और सबने 
खट्टे-मीठे 
आम सरीखे 
जीवन के हर अनुभव का 
स्वाद लिया .

समस्त सृष्टि ने 
समवेत स्वर में 
कहा -
जीवन चखने को मिला 
इतना ही बहुत नहीं क्या ?
उस पर इतने रंगों की छटा 
मन बावरा नहीं होगा क्या ?

स्वाद और रंगों से सराबोर 
ये मौसम कभी बीते ना !
मौसम बीते , ऋतु बदले ,
रंग जो चढ़े , कभी छूटे ना !